चंडीगढ़, 31 दिसंबर | यहां एक दुखद खबर सामने आई है। चंडीगढ़ के राम दरबार लाइट प्वाइंट पर एक्टिवा सवार मां-बेटी को कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे दोनों नीचे गिर गए और कैंटर का टायर नीचे आने से बच्ची की मौत हो गई। मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक बच्ची की पहचान फेज-2 राम दरबार निवासी यशिका 6 साल उर्फ शानवी और उसकी मां की पहचान 38 साल की सोनी के रूप में हुई है। आरोपी कैंटर चालक की पहचान फेज-1 राम दरबार निवासी शेर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोनी पेशेंट केयर वर्कर के तौर पर काम करती है और वह अपनी बेटी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर सेक्टर-32 अस्पताल जा रही थी, तभी कैंटर चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मां-बेटी नीचे गिर गईं और यशिका कैंटर के टायर के नीचे आ गई। आसपास जुटे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सेक्टर-31 थाना प्रभारी राम रतन शर्मा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत मां-बेटी को सेक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। उधर, सोनी अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने आईपीसी 279, 337 और 304 ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



