चंडीगढ़, 23 जनवरी | आतंकी संगठन सिक्ख फॉर जस्टिस (SFJ) से बम की धमकी मिलने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वे फरीदकोट में तिरंगा नहीं फहराएंगे। हालाँकि, नई जगह अभी तय नहीं हुई है। यह फैसला पंजाब सरकार ने बुधवार देर रात लिया।
इसकी पुष्टि फरीदकोट के डीसी विनीत कुमार ने की। हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। अब कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल फरीदकोट में तिरंगा फहराएंगे।
बता दें कि गुरुवार को SFJ चीफ खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सीएम मान को धमकी दी थी। वीडियो जारी कर पन्नू ने कहा कि गलत काम करने वाले का भी पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा ही हश्र होगा।



