नई दिल्ली। ज्यादातर बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। इस साल भी बिहार बोर्ड ने सबसे पहले परीक्षाएं करवाने और रिजल्ट जारी करने का रिकॉर्ड बनाया है। हर बार की तरह इस बार भी बिहार बोर्ड स्टूडेंट्स की फनी आंसर शीट खूब वायरल हो रही हैं।
बिहार बोर्ड परीक्षार्थियों ने अपनी आंसर शीट में अजब-गजब बातें लिखी हैं। बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़वाने के लिए किसी ने बीमारी का बहाना बनाया है तो किसी ने पिता की डांट-मार से बचाने का निवेदन किया है। इन्हीं वायरल कॉपीज के बीच एक ऐसी आंसर शीट वायरल हो रही है, जिसमें स्टूडेंट ने अपनी शादी के लिए मदद मांगी है।
बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा की एक आंसर शीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें छात्रा ने कॉपी चेक करने वाले शिक्षक से खास रिश्ता जोड़ने की कोशिश की है। उसने कहा है कि आप मुझे अपनी बेटी ही समझें और उसी के आधार पर पास कर दें। ऐसी कॉपी मिलने पर शिक्षक भी असमंजस में पड़ जाते हैं कि परीक्षार्थी को क्या नंबर दें।
एक अन्य कॉपी में छात्रा ने अपनी शादी तय होने की बात लिखी है। उसने कॉपी चेक करने वाले शिक्षक से उसे पास करने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि अगर वह फेल हो गई तो उसकी शादी टूट जाएगी और इससे उसकी ज़िदगी बर्बाद हो जाएगी। यह सब छात्रा ने सवाल के जवाब में लिखा है। इससे इतना तो स्पष्ट है कि उसने बोर्ड परीक्षा की बिल्कुल भी तैयारी नहीं की थी।