बरनाला। जिले के संधू कलां गांव के 17 वर्षीय जगजीत सिंह की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह 10 दिन पहले पढ़ाई और रोजी-रोटी के लिए कनाडा गया था। मृतक युवक की बहन भी 4 महीने पहले कनाडा गई थी। भाई-बहन को कनाडा भेजने के लिए पीड़ित परिवार अब तक 46 लाख रुपये खर्च कर चुका है। परिवार ने बैंक से 35 लाख रुपये और एजेंट से 11 लाख रुपये उधार लिए थे। साथ ही इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक जगजीत सिंह के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि जगजीत 14 जुलाई को गांव से कनाडा गया था। वह वहां अपनी पढ़ाई पूरी कर अच्छी नौकरी पाना चाहता था। लेकिन उसे क्या पता था कि कनाडा में उसकी मौत उसका इंतजार कर रही है। जगजीत सिंह का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि 4 महीने पहले मृतक की बहन भी पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी, जिसके बाद जगजीत सिंह को भी कनाडा भेज दिया गया।
पीड़ित परिवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक जगजीत सिंह का अंतिम संस्कार कनाडा में किया जाएगा। साथ ही इस दुखद घटना से सदमे में आए परिवार वालों और गांव वालों ने पंजाब सरकार से मांग की है कि परिवार को कर्ज चुकाने में मदद की जाए ताकि परिवार अपना पालन-पोषण कर सके। इकलौते बेटे की मौत के बाद मातम का माहौल है। दादी अपने पोते को याद कर बार-बार बेहोश हो जा रही है।



