छत्तीसगढ़। कोरबा ज़िले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां थाने में घुसकर एक एएसआई की हत्या किए जाने के बाद दहशत फैल गई है। घटना कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र की है। होली के बाद गुरुवार देर रात बैरक में सो रहे एएसआई नरेंद्र सिंह परिहार को मौत के घाट उतार दिया गया। शुक्रवार सुबह परिहार की लाश देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। बांगो थाना पुलिस ने बताया कि जिस बैरक में परिहार सो रहे थे, वहां का दरवाज़ा टूटा हुआ मिला है एएसआई परिहार के शरीर पर गहरे ज़ख्मों के निशान पाए गए हैं।
उनके गले में चोट के निशान भी हैं। ऐसा लगता है कि किसी ने सोते समय उन पर हमला किया है। हत्या का मामला समझा जा रहा है और इसी आधार पर मर्ग कायम किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार देवांगन ने इस घटना की सूचना तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को दी। बताया जा रहा है कि पुलिस के आला अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। फोरेसिंक एक्सपर्ट टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
थाने के अन्दर एएसआई की लाश मिलने से पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई है। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और किन लोगों ने इस कांड को अंजाम दिया है, इसके सुराग खोजे जा रहे हैं। गौरतलब है कि पुलिसकर्मियों ने होली का उत्सव 9 मार्च को मनाया और दिन भर त्योहार की धूमधाम रही। रात की शिफ्ट में परिहार अकेले ही थाने में मौजूद थे। बैरक भी खाली पड़ा था, उसमें कोई कैदी नहीं था। होली के त्योहार के कुछ ही घंटों बाद हत्याकांड की खबर से परिहार के परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।



