अमृतसर। छेहरटा थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन इलाके में कुछ लोगों ने बारात में घुसकर पहले डांस किया और फिर फायरिंग कर दी। लोगों ने जब आरोपी को फायरिंग करने से रोका तो उन्होंने हंगामा कर दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस पहुंच गई।
कमलजीत कौर ने बताया कि उनके बेटे दीपक सिंह की शादी हो चुकी है। शनिवार को दीपक सिंह की शादी के लिए गली में पार्टी हो रही थी, इसलिए रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था, लेकिन उसने अपने रिश्तेदार गुरसेवक सिंह उर्फ पिंका को नहीं बुलाया। देर रात सभी रिश्तेदार डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी बीच गुरसेवक सिंह अपने कुछ साथियों के साथ आ पहुंचा।
आरोपियों ने शादी में न बुलाए जाने पर उन्हें धमकी भी दी और पेटी से पिस्टल निकालकर हवा में फायरिंग शुरू कर दी। परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने गोली चलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने बताया कि पिंका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।