चंडीगढ़, 29 मई | खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को बड़ी बढ़त मिली है। बुधवार को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले भूपिंदर सिंह संधू (बिट्टू) आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विधायक का चुनाव लड़ने से पहले भूपिंदर सिंह संधू कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे। वह 2016 में प्रदेश कांग्रेस के सचिव और 2011 में रेलवे बोर्ड (उत्तर) के सदस्य थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत खवासपुर के सरपंच के रूप में की। वह खडूर साहिब ब्लॉक समिति के सदस्य, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष और कृषि सहकारी सभा भरोवाल के अध्यक्ष भी रहे हैं। भूपिंदर सिंह संधू पिछले 25 साल से राजनीति में सक्रिय हैं, खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ है। आम आदमी पार्टी में उनकी मौजूदगी से पार्टी और मजबूत होगी।
उनके अलावा एन.एस.यू.आई पंजाब के पूर्व उपाध्यक्ष कंवर संधू भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। वे छात्र राजनीति से आये हैं और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों नेताओं को औपचारिक तौर पर पार्टी में शामिल कराया और उनका स्वागत किया। मान ने कहा कि हमारी जन-समर्थक नीतियों के कारण अधिक से अधिक लोग आप में शामिल हो रहे हैं। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लिए काम करने वाले ईमानदार लोगों के लिए आम आदमी पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।



