चूरू/राजस्थान। चूरू जिले के तारानगर इलाके में एक टीचर की पिटाई का मामला सामने आया है। यहां क्लास में पढ़ा रहे सरकारी टीचर को एक युवक ने स्टूडेंट्स के सामने थप्पड़ जड़ दिया। इससे टीचर का चश्मा टूट गया और वह जोर-जोर से रोने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। बाद में पीड़ित टीचर ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। टीचर का रोते हुए को वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला तारानगर इलाके नेठवा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। यहां के टीचर साहवा निवासी सुरेन्द्र सैनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब दस बजकर पांच मिनट पर 12वीं आर्ट में पढ़ा रहा था।
उसी दौरान महिपाल सिंह और उम्मेद सिंह क्लास में आये। महिपाल ने बच्चों के सामने मुझे थप्पड़ मारा। इससे मेरा चश्मा टूट गया। उस समय स्कूल के किसी भी स्टाफ सदस्य ने आकर बीच बचाव नहीं किया। आहत टीचर ने सुसाइड करने की धमकी दी है।
इस थप्पड़ कांड के बाद पीड़ित टीचर सुरेन्द्र जोर जोर से रोने लगा। इससे स्कूल में हड़कंप मच गया। टीचर की पिटाई की बात सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। स्कूल के बच्चे टीचर के पक्ष में धरने पर बैठ गये। इससे वहां काफी माहौल गरमा गया। देखते ही देखते स्कूल में गांव के लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। उसके बाद ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।



