गुरदासपुर, 11 अक्टूबर | बटाला के डेरा बाबा नानक रोड पर तारागढ़ में सेब से भरे ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक और क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई।
वडाला बांगर निवासी ट्रक चालक ध्यान सिंह और क्लीनर रमनदीप सिंह ने बताया कि वे श्रीनगर से ट्रक में सेब लोड कर राजस्थान जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वे ट्रक लेकर तारागढ़ पहुंचे तो अचानक ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से केबिन में फैली कि उन्हें कुछ करने या समझने का मौका ही नहीं मिला। चिल्लाते हुए दोनों ने जान बचाने के लिए ट्रक से नीचे छलांग लगा दी, जिसके बाद मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लाल किला थाना प्रभारी प्रभजोत सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक के केबिन में आग लगने से ढाई लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन व अन्य कागजात जल गये। सेब की पेटियां भी आग की चपेट में आ गईं। राहगीरों और फायर ब्रिगेड ने ट्रक से बड़ी संख्या में सेब की पेटियां हटा ली थीं।



