फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट CIA स्टाफ ने एक नशा तस्कर को 100 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
CIA स्टाफ के SI चरनजीत सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ कोटकपूरा सिटी थाना क्षेत्र में मंडी के पास थे, तभी उनकी ओर एक व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जिसके हाथ में लिफाफा था, वह पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गया। वह मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने शक होने पर मौके पर ही काबू कर लिया, जिसके बाद आरोपी की तलाशी ली गई।
आरोपी से पूछताछ में जुटा CIA स्टाफ
SI चरनजीत सिंह के अनुसार, आरोपी से बरामद लिफाफे में 100 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी पर सिटी कोटकपूरा थाने में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि आरोपी कहां से यह हेरोइन नशा लेकर आता था और आगे इसे कहां सप्लाई करता था।



