चंडीगढ़। आज शहीद ऊधम सिंह का बलिदान दिवस है। सुनाम में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। शहीद ऊधम सिंह के पैतृक शहर सुनाम में शहीद की चार प्रतिमाएं स्थापित हैं लेकिन चारों प्रतिमाएं, शहीद के असली चेहरे से मेल नहीं खाती हैं जबकि शहीद ऊधम सिंह की असली तस्वीरें मौजूद हैं।
विभिन्न संस्थाएं तर्क दे रही हैं कि काल्पनिक चेहरों वाली प्रतिमाएं नौजवानों को भ्रमित कर रही हैं। लंबे समय से लोगों की मांग चली आ रही है कि शहीद के असली चेहरे से मेल खाती प्रतिमाएं स्थापित की जाएं लेकिन इस मांग पर सरकार की ओर से रत्ती भर भी ध्यान नहीं दिया गया है। सीपीआई एम के तहसील सचिव वरिंदर कौशिक, एडवोकेट मित सिंह जनाल और गदरी शहीद ऊधम सिंह विचार मंच के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि उनकी संस्था लगातार इस मांग को उठा रही है कि शहीद ऊधम सिंह की असली चेहरे वाली प्रतिमाएं स्थापित की जाएं।



