नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को राजस्थान जाने वाले हैं, लेकिन इससे पहले ही राज्य के सीएम ने इस पर सियासत शुरू कर दी हैं। दरअसल, पीएम मोदी आज सीकर में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे, पहले इस कार्यक्रम में सीएम अशोक गहलोत को भी शामिल होना था, लेकिन किसी कारण से वह इसमें शामिल नहीं होंगे। इसपर अब राजनीति तेज हो गई है। इसे लेकर सीएम ने पहले ट्वीट करते हुए मोदी पर तंज कसा था, जिसपर अब पीएमओ यानी कि प्रधानमंत्री कार्यालय का बयान सामने आया है। सीएम ने कहा था, आपने (पीएमओ) मेरा तीन मिनट का कार्यक्रम हटा दिया, जिस वजह से मैं कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाऊंगा।
वहीं, इस पर पीएमओ ने जवाब देते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार, आपको विधिवत आमंत्रित किया गया है और आपका भाषण भी निर्धारित किया गया था, लेकिन आपके कार्यालय ने कहा कि आप शामिल नहीं हो पाएंगे। पीएम की पिछली यात्राओं के दौरान भी आपको हमेशा आमंत्रित किया गया है।



