जीरकपुर। रात करीब 8 बजे शिवानी दहिया एक्टिवा से जा रही थी। उनका एक 4 साल का बेटा देवेन भी था। अचानक पीछे से दो बाइक सवार आए और शिवानी के गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। शिवानी की मदद करने वाला कोई नहीं था इसलिए बिना डरे शिवानी खुद ही लुटेरों का पीछा करने लगी। करीब आधा किलोमीटर दूर जाकर जब आरोपी ट्रैफिक में रुके तो शिवानी ने मोटरसाइकिल के पीछे बैठे लुटेरे की शर्ट पकड़ ली।
लुटेरे ने खुद को छुड़ाने की कई बार कोशिश की लेकिन वह अपनी शर्ट नहीं छुड़ा सका। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार ने रेस लगा दी, जिससे शिवानी की एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया। शिवानी जमीन पर गिर पड़ी, लेकिन आरोपी की शर्ट अभी भी उसके हाथ में थी। आरोपियों ने महिला को करीब 20 मीटर तक सड़क पर घसीटा। पैर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोट आई, लेकिन आरोपी ने नहीं छोड़ा।
इसके साथ ही दोनों आरोपी मोटरसाइकिल सहित गिर गये। बाइक सवार आरोपी तो भाग निकले लेकिन महिला ने दूसरे लुटेरे को पकड़ लिया। आरोपी ने लात भी मारी, लेकिन वह बच नहीं सका। राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। ये सारी घटना 20 जुलाई को जीरकपुर में हुई। शिवानी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।



