रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूट मिल इलाके में 2 दिन पहले युवा का शव मिला था। अब इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि लव ट्रायंगल के चक्कर में युवती और उसके आशिक ने मिलकर पहले प्रेमी की हत्या कर दी।
हत्या को हादसा बताने की नीयत से शव को सड़क किनारे फेंक दिया फिर लगातार गुमराह करते रहे। जब मामले की जांच की तो पता चला कि मृतक और आरोपी महिला दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात हुई और नजदीकियां बढ़ी। फिर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गए।
लड़की मृतक से पीछा छुड़ाना चाहती थी, इसीलिए उसने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 30 जून की रात मृतक को सुनसान जगह पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की और हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी लड़की और युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि 30 जून की रात शिवम मोटर्स में काम करने वाले अकाउंटेट मनीष पंडा का मोबाइल अचानक बंद हो गया। घर वापस नहीं आने पर उसके परिजनों ने जूटमिल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। फिर हाईवे-49 पर अमली भौना रोड के किनारे मनीष का शव मिला।
घटनास्थल एक्सीडेंटल स्पॉट जैसा दिखाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जांच दौरान हत्या का शक पुलिस को हुआ। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से हत्या की बात सामने आई और जूटमिल इंस्पेक्टर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम को कबीर चौक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली सरिता पटेल से मनीष पंडा के संबंध होने की जानकारी मिली।



