मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उससे सटे ठाणे में बुधवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश के चलते हुए कुछ इमारतों का हिस्सा ढह गया और कई घरों में पानी तक भर गया। सड़क पर जलजमाव के कारण अंधेरी सबवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करना पड़ा। वहीं मलाड में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत की भी खबर है।
मुंबई नगर निगम ने कहा है कि अगले चार से पांच दिनों में देश की आर्थिक राजधानी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बीएमसी ने कहा, ‘सभी संबंधित अधिकारियों को यह निर्देशित किया जाता है कि अपने अधिकार क्षेत्र में पड़ने वाले सभी निचले इलाकों का दौरा करें जहां जलजमाव की संभावना है वहाँ तुरंत कार्रवाई करें।
भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने मुंबई में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है और कहा है कि अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। उधर रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे मार्गों पर उपनगरीय ट्रेन का सामान्य रूप से परिचालन हो रहा है। हालांकि परिचालन में कुछ मिनट की देरी हुई है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि कौशल दोशी नामक 38 वर्षीय शख्स पश्चिमी उपनगर मलाड के मामलेदरवाड़ी जंक्शन पर एक पेड़ गिरने से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसे नगर निगम संचालित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस भारी बारिश के बावजूद, मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली झीलों के जलग्रहण क्षेत्रों में अपर्याप्त वर्षा के कारण उनका स्तर नीचे जा रहा है। इस कारण शहर के नगर निकाय ने शनिवार से पानी सप्लाई में 10 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला किया है।
नगर निकाय के अनुसार, भारी बारिश के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई में पेड़ गिरने की 26 घटनाएं, शॉर्ट-सर्किट की 15 घटनाएं और घरों के ढहने/आंशिक रूप से ढहने की पांच घटनाएं हुईं। वहीं पड़ोसी ठाणे जिले में, भारी बारिश के कारण महागिरी कोलीवाड़ा इलाके में एक मंजिला चॉल का एक हिस्सा ढह जाने से 36 वर्षीय एक महिला घायल हो गई।
अधिकारी ने बताया कि ठाणे शहर में बुधवार को सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे के बीच केवल एक घंटे में 36.07 मिमी बारिश हुई और सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे के बीच 49.28 मिमी बारिश हुई।



