आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में उस समय हड़कंप मच गया जब एक एटीएम से पांच गुना ज्यादा रकम निकलने लगी। फिर क्या था लोग पैसे निकालने के लिए दौड़ पड़े। लोग 5000 की एंट्री कर 25 हजार रुपये घर लेकर चले गए। मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित बैंक में हड़कंप मच गया। अब पुलिस अधिक रकम लेकर गए लोगों की तलाश में जुटी है।
दरअसल, आगरा के शास्त्रीपुरम में प्राची एनक्लेव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बगल के एटीएम में तकनीकी खराबी हो गई। खराबी की वजह से 1000 रुपये निकालने आए लोगों को 5000 रुपये मिले। जबकि 5000 निकालने आए लोग 25000 रुपये लेकर अपने घर गए।
मामले की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। इसकी शिकायत संबंधित पुलिस चौकी में की गई। पुलिस अब अधिक रकम लेकर घर गए लोगों की तलाश कर रही है। इस बीच चार लोगों ने निकाली गई रकम बैंक में वापस कर दी। बताया जा रहा है कि एटीएम में टेक्निकल इशू की वजह से यह समस्या सामने आई।
जब एक शख्स ने 1000 रुपये की एंट्री की और उसे 5000 रुपये मिले। इसके बाद उसने फिर कोशिश को तो उतनी ही राशि निकली। इसके बाद तो यह खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। एटीएम के बाहर पैसे निकालने के लिए लंबी कतार लग गई।
कई लोग पांच गुना ज्यादा रकम निकाल कर घर गए। मुताबिक कैश कलेक्शन टीम के CMS ने बताया है कि अब तक 172000 रकम निकाली गई है। हालांकि इसकी जानकारी होते ही एटीएम को बंद कर दिया गया। अब उनकी तलाश में पुलिस जुटी है, जिन्होंने ज्यादा रकम ली है।



