Thursday, April 16, 2026
No menu items!
Google search engine

सत्ताशक्ति से सम्पन्न देवतुल्य विधायक को भी बड़गांव के शराबियों से लगता है डर

Spread the News

निडरता से ऐसा कहकर वादा खिलाफ विधायक ने फिर से जनता से किए नए- नवेले वादे

कटनी/मध्य प्रदेश। बहोरीबंद तहसील की एक बड़ी ग्राम पंचायत बड़गांव की जनसभा के दौरान अनजाने में ही भाजपाई व्यवस्था के कलई उतारते हुए विधायक प्रणय पांडे कह बैठे कि – मुझे बड़गांव आने से लगता है डर l यहां सुबह से ही सड़कों पर मिलने लगते हैं शराबी। शराबी देते हैं भद्दी भद्दी गालियांl मैं खुद शराबियों से परेशान हूं l शराबियों के कारण बड़गांव आने से डरता हूं।

पूर्व में मेरे साथ शराबियों ने अभद्रता की थी जिसके कारण बड़गांव दौरा बंद कर दिया था । यह बात विधायक ने उस समय कही जब बैठक में गांव वालों ने उनसे कहा कि बड़गांव में अवैध शराब बंद करवा दो बहुत परेशानी है। ग्रामीणों ने इसके अलावा भी अन्य ढेरों शिकायतों की माला अपने निडर और लोकप्रिय देवतुल्य विधायक के गले में पहनाई जिसमें पानी- शिक्षा -स्वास्थ्य -सड़क- अवैध जुआ शराब जैसी कठिनाइयों के रत्न आदि जड़े थे l

चार साल से नहीं आए और वादे भी नहीं पूरे किए

देव तुल्य भाजपा विधायक से नाराज लोगों ने मुंह पर कह दिया कि- आप वादाखिलाफी कर गए l आपने चुनाव जीतने के पहले कहा था कि एक बटन से आपको दो-दो विधायक ( एक विधायक दूसरे सीएम ) मिलेंगे , लेकिन जीतकर 4 साल से ना तो आप आए ना कोई वादा पूरा किया l

वादे पे तेरे मारा गया , मतदाता सीधा सादा -वादा तेरा वादा

बताते चलें कि सीएम शिवराज सिंह और पार्टी के आदेश पर सभी विधायकों को जनता के बीच जाकर भाजपा की एक से बढ़कर एक चमचमाती हुई कल्याणकारी योजनाओं की कथा सुनाते हुए अबकी बार 200 पार का लक्ष्य भेदने को कहा गया है। जिस पर विधायकों को गांव-गांव जनसंपर्क करना अनिवार्य था और 4 साल बाद डरते हुए सही मगर विधायक पांडे जी बड़गांव चले ही आए। ग्रामीण तो 4 साल से ताक में बैठे ही थे जैसे ही उन्हें देवता समान विधायक का साक्षात्कार मिला उन्होंने उनकी वादाखिलाफी का ग्रंथ उन्हें सुनाना शुरू कर दिया l

पहला वादा बड़गांव में उप तहसील कार्यालय बनवाने का था फिर पुलिस चौकी खुलवाने का , मिनी आईटीआई , स्टेडियम की सौगात देने का वादा आपने किया था l इन्हें पूरा करना तो दूर इन पर लिखा पढ़ी शुरू करने की जानकारी तक किसी को कानो कान नहीं सुनाई दी l बुनियादी समस्याओं को दूर करने का भी पहल भी निडर जनसेवक ( विधायक )की तरफ से नहीं देखी सुनी गई l पानी की गंभीर समस्या है पंचायत की नल जल योजना भी शुरू नहीं हो सकी l

नए ताजे वादों का गुलदस्ता थमाया और बोले -बीते वादे भी निभाउंगा

ग्रामीणों की शिकायती मुद्राओं से देवतुल्य विधायक पांडे जी अत्यंत प्रभावित हुए और प्रसन्न होकर उन्होंने ग्रामीणों को नए वादों का वरदान देते हुए कहा – बड़गांव के हीरापुर एवं अन्य देव स्थान का निर्माण कराएंगे साथ ही मिनी आईटीआई -उप तहसील ऑफिस- स्टेडियम पुलिस चौकी के प्राचीन वादों को भी पूरा किया जाएगा l

पेयजल योजना के भुर्ता होने का रहस्य भी देव तुल्य विधायक ने जनता के बीच खोलते हुए कहा कि -ठेकेदार ने गुणवत्ता विहीन काम किया है l उसके खिलाफ हमने कार्यवाही की है l भुगतान रोक कर ब्लैक लिस्ट करा रहे हैं l पेयजल आपूर्ति के लिए वे ( विधायक श्री ) भागीरथ की भांति सनातन रूप से प्रयासरत हैं l

थानेदार को फोन किया -अवैध शराब बंद करो

शराबियों से डरकर बड़गांव आना छोड़ चुके देवतुल्य विधायक ने इस अवसर पर निडरता से थाने में फोन करके कहा कि अवैध शराब का धंधा बंद हो और अव्यवस्था भी बंद कराएं l बुधवार को हुई बैठक में सरपंच गौरवशाह जू देव मंडल अध्यक्ष मयंक कंदेले व अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे l

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments