चंडीगढ़। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को एक साल हो गया है। मूसेवाला भले ही अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन अपने गानों से वह आज भी अपने फैंस के दिलों में ज़िंदा हैं। उन्होंने अपनी मृत्यु से पहले ही इतने गाने रिकॉर्ड कर लिए हैं कि आने वाले कई सालों तक उनके प्रशंसक उनके संगीत और रिकॉर्ड को YouTube पर सुनते रहेंगे।
सिद्धू की हत्या के बाद पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उनके बेटे के कई गाने आज भी रिकॉर्ड हैं। उन्होंने कहा कि उनके गाने धीरे-धीरे रिलीज किए जाएंगे। मूसेवाला की टीम ने 6-6 महीने बाद उनके गाने रिलीज करने के लिए परिवार से बातचीत की थी।
सिद्धू के गाने ‘295’ ने बिलबोर्ड ग्लोबल 200 चार्ट में जगह बना ली है। सिद्धू का गाना बिलबोर्ड ग्लोबल 200 में 154वें नंबर पर है। हैरी स्टाइल्स, बैड बन्नी, लिज़ो, कैमिला कैबेलो, एड शीरन और जस्टिन बीबर ने भी बिलबोर्ड ग्लोबल 200 की सूची में जगह बनाई है।
मौत से पहले मूसेवाला ने 295 गीत गाया था। इस गाने ने भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी धूम मचा रखी थी। सिद्धू मूसेवाला एक क्षेत्रीय भाषा में गाना गाकर बिलबोर्ड में जगह बनाने वाले पहले गायक बन गए। भारत का आज तक कोई भी सिंगर बिलबोर्ड में जगह नहीं बना पाया है।




