अमृतसर। ट्यूशन पढ़ने गई 7 साल की बच्ची को बाइक सवारों ने अगवा कर लिया और आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए। पंजाब पुलिस तलाश में जुटी है। माता-पिता का बुरा हाल है। मामला घरिंडा थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव से सामने आया है।
रामपुरा गांव निवासी पीड़ित पिता अजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी अभिरोजप्रीत (7) 15 मई की शाम चार बजे के करीब घर से चंद कदम दूर अपनी पड़ोसन तनु के घर ट्यूशन पढ़ने गई थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची। अभिरोजप्रीत की मां मणि अपनी बेटी को लेने गई थी तो पड़ोसी तनु की मां ने बताया कि उनकी बेटी अभिरोजप्रीत आज ट्यूशन नहीं आई।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी चार बजे ट्यूशन गई थी। उन्होंने तुरंत अपनी बेटी को आसपास के इलाकों में ढूंढना शुरू किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत घरिंडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लड़की के गायब होने की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और अभिरोजप्रीत की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।