अमृतसर। 27 दिन से पंजाब पुलिस को चकमा देकर खालिस्तान समर्थक वारिस पंजाब का नेता अमृतपाल सिंह राजस्थान में छिपा है। यह इनपुट मिलते ही राजस्थान पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिली है कि अमृतपाल गंगानगर जिले के संगरिया क्षेत्र के एक गांव में छिपा हुआ है।
पंजाब से भी पुलिस की टीमें राजस्थान पहुंच चुकी हैं। पुलिस अधिकारी फिलहाल इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे रहे हैं। डीजीपी उमेश मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में ब्रीफिंग के दौरान ही कहा कि हम सफलता के करीब हैं।
पपलप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद अमृतपाल के श्री हरमंदिर साहिब, श्री दमदमा साहिब या श्री आनंदपुर साहिब में सरेंडर करने की चर्चा चल रही है। इसके बाद तीनों तख्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पंजाब पुलिस ने होशियारपुर में अमृतपाल सिंह की मदद करने वाले दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों भाई राजपुरा भैनिया के रहने वाले हैं।
इनकी पहचान हरदीप सिंह और कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। इन दोनों भाइयों ने अमृतपाल सिंह को रहने के लिए जगह दिलाने में मदद की।



