चंडीगढ़, 31 जनवरी। पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों के धरने के दौरान एक और किसान की मौत हो गई है। किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। किसान का नाम परहत सिंह है जो अमृतसर के गांव कक्कड़ तहसील लोपोके का रहने वाला था। किसान के पास 2 एकड़ ज़मीन थी। वह 2 बच्चों के पिता थे।
पंजाब और हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन-2 को 13 फरवरी को एक साल पूरा होने जा रहा है। ऐसे में दोनों मोर्चों पर किसानों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
साथ ही 11 से 13 फरवरी तक होने वाली तीन किसान महापंचायतों को सफल बनाने के लिए किसान नेता पूरी रणनीति बनाने में लगे हुए हैं। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन आज (शुक्रवार) 66वें दिन में प्रवेश कर गया है।
हालांकि भूख हड़ताल के कारण डल्लेवाल का शरीर कमजोर हो गया है। इसके कारण उन्हें बुखार हो गया है और वह जरा सी भी हिलजुल बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।



