चंडीगढ़, 23 जनवरी | मोहाली में 2 साल का बच्चा कार के नीचे आ गया। कार महिला चला रही थी। कार के अगले और पिछले टायर बच्चे के ऊपर से गुज़र गए। तभी वहां से गुजर रही महिलाएं दौड़ीं और बच्चे को संभाला। बच्चा बिल्कुल ठीक था। कार निकल जाने के बाद वह अपने आप खड़ा हो गया।
इसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को कोई चोट नहीं आई है। यह घटना 21 जनवरी को नयागांव इलाके में हुई थी। अब इस घटना का 15 सेकेंड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को 2 साल का अयान घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के लोग भी सड़क पर बैठे थे। एक महिला कार में जा रही थी। अचानक अयान कार के सामने दौड़ता हुआ आ गया। कार के आगे और पीछे के टायर अयान के ऊपर से गुजर गए। उस दौरान कार की स्पीड ज्यादा नहीं थी।
छोटे कद के कारण कार चला रही महिला सामने से आ रहे बच्चे को नहीं देख सकी। पास से 2 महिलाएं भी गुजर रही थीं। वह तुरंत अयान के पास पहुंची। अयान के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जब उन्होंने अयान को उठाया तो वह ठीक था। इसके बाद महिला कार चालक आगे जाकर रुक गई। वह तुरंत मौके पर पहुंची और अयान और उसके परिवार के सदस्यों को अपनी कार में चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल ले गई।
चेकअप के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अयान पूरी तरह से ठीक है। उसे कोई चोट नहीं आयी। परिवार और पड़ोसियों का कहना है कि महिला ड्राइवर ने जानबूझकर बच्चे के ऊपर कार नहीं चढ़ाई। वह खुद अचानक दौड़ते हुए कार के सामने आ गया। महिला चालक को भी घटना की जानकारी नहीं हुई।



