मोगा, 17 दिसंबर | जॉर्जिया के गुडौरी स्थित एक रेस्टोंरेंट में 11 भारतीयों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। जनरेटर के धुएं के कारण मरने वाले 11 भारतीयों में से एक मोगा के घल्ल कलां गांव का 24 वर्षीय गगनदीप सिंह है। रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर सभी लोग एक कमरे में सो रहे थे।
मृतक गगनदीप सिंह के दादा बसंत सिंह ने बताया कि गगनदीप सिंह पहले भी दुबई गया था। अभी 4 महीने पहले जॉर्जिया गया था। हमें कल उनकी मौत की खबर मिली। हम मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हमारे पास शव को भारत लाने के लिए पैसे नहीं हैं। हम सरकार से अपील करते हैं कि शव को घर लाया जाए ताकि वह उसे आखिरी बार देख सकें।’
गांव के पूर्व सरपंच सिमरजीत सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गांव के रहने वाले गगनदीप सिंह की जॉर्जिया में गैस लगने से मौत हो गई है। गगनदीप सिंह एक गरीब परिवार का लड़का है और जीविकोपार्जन के लिए जॉर्जिया गया था। उनकी मृत्यु उसी होटल में हुई जहां वे काम करते थे। परिवार ने 4 से 5 लाख रुपए का लोन भेजा था।



