चंडीगढ़, 28 नवंबर | कनाडा की पील पुलिस ने तीन अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं से बलात्कार के आरोप में पंजाबी मूल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। सभी घटनाएं एक ही महीने में हुईं और वह लगातार महिलाओं को अपना शिकार बना रहा था। आरोपी ने पहले महिलाओं को राइडशेयर ऑपरेटर के रूप में फुसलाता था और फिर उन्हें सुनसान जगहों पर ले जा उनके साथ बलात्कार करता था।
गिरफ्तार युवक की पहचान ब्रैम्पटन निवासी अर्शदीप सिंह (22) के रूप में हुई है। यह युवक दिसंबर 2022 में स्टडी वीजा पर पंजाब से कनाडा आया था। आरोपी ने ब्रैम्पटन में बस हड़ताल का फायदा उठाया और महिलाओं को लिफ्ट देने के लिए खुद को राइडशेयर ऑपरेटर बताया। एक ही महीने में ऐसी तीन घटनाएं सामने आने के बाद पील और याक दो इलाकों की पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया।
तीनों पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उक्त युवक समय-समय पर पंजाबी में बात करता था, जिसके बाद पुलिस ने पंजाबी मूल के युवक से पूछताछ शुरू की। कल पील पुलिस सफल हुई और सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि यदि युवक द्वारा किसी अन्य महिला के साथ घटना को अंजाम दिया गया है तो जानकारी साझा की जानी चाहिए।



