लुधियाना, 5 नवंबर | जगराओं के मुल्लापुर के हसनपुर गांव की एक महिला ने अपने पड़ोसियों को अपना घर बेचने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए पड़ोसियों ने किसी न किसी बहाने से महिला और उसके परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं जब महिला ने आरोपी को घर के बाहर पटाखे चलाने से रोका तो आरोपी ने घर में घुसकर महिला के पति, सास और ससुर के साथ मारपीट की।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान चमकौर सिंह, फौजी गुरजीत सिंह, गुरजीत सिंह गोपी, बलजिंदर सिंह, बलविंदर कौर और रानी निवासी गांव हसनपुर के रूप में हुई है। थाना दाखा के एएसआई नरिंदर कुमार ने बताया कि गांव हसनपुर की रहने वाली पीड़िता गुरप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि देर रात आरोपी पिता-पुत्र जानबूझ कर उनके घर के बाहर पटाखे चला रहे थे, जिस पर उसका पति मनदीप सिंह ने विरोध किया।
महिला ने बताया कि इसके बाद आरोपी पिता-पुत्र और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके घर में घुसकर उसके पति और सास के साथ मारपीट की। जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
महिला ने बताया कि आरोपी उसका घर खरीदना चाहता था लेकिन वह अपना घर बेचना नहीं चाहती थी। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखते हैं। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ थाना दाखा में मामला दर्ज कर लिया है।



