लुधियाना, 29 जुलाई । पंजाब के लुधियाना से चौकी पर हमले की घटना सामने आई है। शिंगार सिनेमा के पास पुलिस चौकी धर्मपुरा पर शनिवार रात 12:30 बजे करीब दो सौ से ढाई सौ लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया।
भीड़ ने चौकी इंचार्ज, मुंशी व कांस्टेबल को पीटा और वर्दी फाड़ दी। सामान भी तोड़ दिया। थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने वहां पहुंचकर मामला शांत किया। एसीपी (सेंट्रल) आकृति जैन ने कहा कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
बदमाशों ने एक्टिवा सवार से की थी स्नैचिंग
चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को न्यू हरगोबिंद नगर में बाइक सवार बदमाशों ने एक्टिवा सवार से स्नैचिंग की थी। उन्होंने बाइक बरामद कर ली थी, लेकिन स्नैचर फरार थे। स्नैचरों को पकड़ने के लिए शनिवार रात नाका लगाया था। एक्टिवा पर पिता-पुत्र सरबजीत सिंह और हरसिदक तेज रफ्तार से आ रहे थे। रोकने पर दोनों ने खुद को पत्रकार बताया व बदतमीजी कर गालियां निकालीं। वे उन्हें चौकी ले आए।
200-250 लोगों की भीड़ ने किया हमला
दोनों को बैठाकर बात करने लगे तो हरसिदक भाग गया। कुछ देर बाद उसने करीब 200-250 लोगों की भीड़ के साथ चौकी पर हमला कर दिया। किसी ने उनके माथे पर तेजधार चीज मारी। कांस्टेबल लक्की शर्मा व मुंशी हरीश शर्मा को भी पीटा।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें पढ़ने के लिए पंजाब टाइम्स न्यूज के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/Qcuqm से जरूर जुड़ें।)



