कोटा,3 जून। कोचिंग सिटी कोटा में 7 महीने की गर्भवती महिला की हत्या की खौफनाक कहानी सामने आई है। इस घटना को किसी और ने नहीं बल्कि महिला के पति ने ही अंजाम दिया है। दोनों ने आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। लेकिन आठ साल के अंदर ही पति ने अपनी पत्नी से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पति ने घटना को अंजाम देने के बाद 16 दिनों तक अपना गुनाह छिपाए रखा। लेकिन आखिरकार पुलिस की सख्ती के आगे उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक हत्या की यह दिल दहला देने वाली कहानी कोटा शहर के छावनी इलाके में सामने आई है। हत्या की यह वारदात 12 मई को हुई थी। 12 मई को रामचंद्रपुरा छावनी निवासी सुमन (28) अपने घर में बेहोशी की हालत में मिली थी। उसके पति देवेन्द्र ने परिजनों को बताया कि सुमन ने जहर खा लिया है। इसके लिए देवेन्द्र ने झूठी कहानी रची। उन्होंने बताया था कि घटना से कुछ घंटे पहले उधार के पैसे मांगने आई एक महिला ने उन्हें धमकी दी थी। इससे डरकर उसने जहर खा लिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ
आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। मामला संदिग्ध होने पर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया। बाद में जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पता चला कि सुमन ने जहर नहीं खाया था, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच की। पुलिस का शक सीधा उसके पति देवेन्द्र पर गया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और सच उगल दिया।
अपराधी गुस्सैल स्वभाव का है
इस पर पुलिस ने देवेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। बाद में मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुस्सैल स्वभाव का है। पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने 12 मई को वारदात को अंजाम दिया था। 13 मई को उनकी आठवीं शादी की सालगिरह थी। लेकिन सालगिरह से पहले ही उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।



