नई दिल्ली, 16 फरवरी | दिल्ली के अलीपुर इलाके में दयाल मार्केट स्थित एक पेंट फैक्ट्री में गुरुवार शाम को आग लग गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। घायलों को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। रात 9 बजे आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में धमाके के बाद आग लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं, आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा। अधिकारियों का मानना है कि फैक्ट्री में रखे केमिकल की वजह से ब्लास्ट हुआ।
तीन रास्तों से आग बुझाने की कोशिश की गई। घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी सुमित भारद्वाज ने बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की है। जैसे ही धमाका हुआ तो लोग बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। फिर फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया। लेकिन आग नहीं बुझ रही थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने तीन रास्तों से आग बुझाने की कोशिश की। फैक्ट्री करीब 8-10 साल पुरानी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे सुनील ठाकुर ने रोते हुए बताया कि उनका भाई भी पेंट फैक्ट्री में काम करता था। उनका नाम अनिल ठाकुर है। उनका कुछ पता नहीं चल रहा। शाम 5 बजे से फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।




