जालंधर, 10 दिसंबर | यहां एक होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में एक एनआरआई युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। यह घटना रामामंडी के साथ लगते तलहन रोड पर स्थित ढिल्लों रिजॉर्ट में हुई।
जानकारी के मुताबिक, ढिल्लों रिसॉर्ट में पार्टी चल रही थी। इसी बीच रिश्तेदारों के बीच झगड़ा हो गया। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई। गुस्साए लोगों ने हथियार निकाल लिए और एनआरआई पर फायरिंग कर दी। मृतक को 2 गोलियां लगीं। मृतक की पहचान दलजीत सिंह निवासी प्रोफेसर कॉलोनी रामामंडी के रूप में हुई है।
वहीं, जब दूसरा युवक बीच-बचाव करने आया तो युवक ने उसे भी गोली मार दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का जौहल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने के बाद रामामंडी पुलिस मौके पर पहुंची। रिसॉर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है।




