चंडीगढ़, 22 नवंबर | पीजीआई में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के गायनी वार्ड में भर्ती महिला हरमीत कौर को एक अज्ञात लड़की ने इंजेक्शन लगा दिया। जिससे हरमीत कौर की हालत गंभीर हो गई है। इस मामले में पीड़िता ननद जतिंदर कौर निवासी राजपुरा जिला पटियाला की शिकायत पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने अब इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पीड़िता हरमीत कौर का भाई जसमीत सिंह, जीजा बूटा सिंह, जीजा का दोस्त मनदीप सिंह और टीका लगाने वाली महिला जसप्रीत कौर शामिल हैं। जसप्रीत कौर केयरटेकर का काम करती है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का भाई उसके प्रेम विवाह से परेशान था और उसने अपनी बहन की हत्या की साजिश रची थी।



