नई दिल्ली , 15 नवंबर । टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला खेल रही है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। रोहित और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को एक बार फिर ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 71 रन की साझेदारी की। रोहित हालांकि अर्धशतक लगाने से चूक गए। वे 29 गेंद पर 47 रन बनाकर टिम साउदी की गेंद पर आउट हुए। स्ट्राइक रेट 162 का रहा। 4 चौका और 4 छक्का जड़ा।
इसी के साथ रोहित शर्मा वर्ल्ड कप के एक सीजन में पहले 10 ओवर में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। मैच में विराट कोहली ने 117 रन बनाए और वनडे क्रिकेट में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 49 शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। श्रेयस अय्यर ने भी 105 रन की शतकीय पारी खेली। मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 397 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा ने पहले 10 ओवर में मौजूदा वर्ल्ड कप में 0, 76, 45, 37, 39, 24, 4, 40, 42 और 47 रन बनाए। यानी वे 354 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 133 का रहा है। यानी वे 100 गेंद पर 133 रन बना रहे हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैक्कुलम के नाम था। उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप में पहले 10 ओवर में 308 रन बनाए थे।
हालांकि तब न्यूजीलैंड की टीम वर्ल्ड कप के फाइनल में हार गई थी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने 2003 में 276, एडम गिलक्रिस्ट ने ही 2007 में 269 तो 2007 के वनडे वर्ल्ड कप में कंगारू टीम के ओपनर बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने 254 रन बनाए थे. 2003 और 2007 का वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया ने जीता भी था।
रोहित शर्मा वर्ल्ड कप 2023 में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। वे मौजूदा वर्ल्ड कप में 10 पारियों में 55 की औसत से 550 रन बना चुके हैं। एक शतक और 3 अर्धशतक लगाया है। इस दौरान उन्होंने 62 चौके और 28 छक्के लगाए हैं। यानी सिर्फ बाउंड्री से 416 रन बना चुके हैं। हालांकि टूर्नामेंट में उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है। वे पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खाता तक नहीं खोल सके थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
रोहित वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे अधिक छक्के लगाने बैटर बन गए हैं। उनके 51 छक्के हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बैटर क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। गेल ने 49 छक्के लगाए हैं। रोहित शर्मा और शुभमन गिल मौजूदा वर्ल्ड कप में पहले विकेट के लिए अब तक 8 पारियों में 56 की औसत से 445 रन की साझेदारी कर चुके हैं। एक बार शतकीय तो 4 बार अर्धशतकीय साझेदारी की है। गिल अपना वनडे वर्ल्ड कप खेल रहे हैं।
क्या खत्म होगा 12 साल का इंतजार?
टीम इंडिया 2011 के बाद से वर्ल्ड कप के फाइनल में नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में टीम इंडिया यदि आज कीवी टीम को हरा देती है, तो फाइनल में पहुंच जाएगी। 2015 और 2019 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम काे सेमीफाइनल में हार मिली थी। 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने तो 2019 में न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में टीम इंडिया को मात दी थी। वर्ल्ड कप का यह 13वां सीजन है। ऑस्ट्रेलिय ने सबसे अधिक 5 तो टीम इंडिया ने 2 बार खिताब जीता है।



