मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई शहर को गोवंडी इलाके में डबल मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस को हत्या की जांच में कागज का एक छोटा टुकड़ा बड़ा मददगार साबित हुआ, जिसने हत्यारों तक पुलिस को पहुंचाया। कागज पर एक फोन नंबर लिखा हुआ था, जो गोवंडी पुलिस को गोवंडी के सुनसान टेलीकॉम फैक्ट्री क्षेत्र के पास स्थित भूतिया पूल (भूतिया कुआं) के पास मिला था। इस नंबर के जरिए पुलिस को एक नवविवाहित जोड़े की हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिली। इस हत्या को दूसरे धर्म में शादी करने के चलते अंजाम दिया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक कागज पर लिखा फोन नंबर करण चंद्रा का था, जिसका शव पुलिस को मिला था। हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद एक और नाबालिग को गिरफ्तार किया गया, जो कि मृतका गुलनाज खान का ही भाई था। खान और उनके पति चंद्रा की कथित तौर पर समुदाय के बाहर शादी करने के कारण खान के परिवार के सदस्यों और दोस्तों द्वारा हत्या कर दी गई थी।



