नई दिल्ली, 11 अक्तूबरः भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (Indian Institute of Technology Kanpur) में एक कबड्डी मैच हिंसक लड़ाई में बदल गया। मामला इतना बढ़ा कि संस्थान के वार्षिक खेल उत्सव उद्घोष के दौरान भाग लेने वाली 2 टीमों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर कुर्सियों से हमला कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस झगड़े के बाद प्रबंधन ने कहा कि संबंधित टीमों को आगे भागीदारी करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मारपीट दौरान दोनों टीमों के छात्रों ने एक-दूसरे से मारपीट की और कुर्सियां फैंकी। कई कबड्डी खिलाड़ी एक-दूसरे को लात मारते और प्लास्टिक की कुर्सियां तोड़ते भी दिखे। ऐसा लग रहा था कि यह कॉलेज फेस्टिवल नहीं बल्कि डब्ल्यूडब्ल्यूई मैच चल रहा है। हालांकि, यह पता नहीं चल सका है कि यह टीमें कौनसे कॉलेज से थीं। साथ ही फिलहाल मारपीट की वजह का भी खुलासा नहीं हुआ है।
इस बीच, आईआईटी कानपुर ने एक बयान जारी किया और कहा कि इसमें शामिल टीमों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है, ‘यह हमारे ध्यान में आया है कि आईआईटी कानपुर में वार्षिक खेल उत्सव उद्घोष के दौरान भाग लेने वाले 2 संस्थानों की टीमों के बीच विवाद की घटना हुई थी’। इस संबंध में पहले ही सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा संबंधित संस्थानों को भी सूचित कर दिया गया है और भविष्य में ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए अपने स्तर पर उचित कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।



