नवांशहर, 11 अक्तूबर। यहां एक खौफनाक हादसा हुआ है। नवांशहर के बंगा के गढ़शंकर चौक के पास रोडवेज बस ने 4 लोगों को कुचल दिया। हादसे में चारों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह रोडवेज बस जालंधर से चंडीगढ़ जा रही थी। ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ने से बस बाजार में खड़े लोगों पर चढ़ गई।
कस्बा बंगा मुख्य मार्ग पर पंजाब रोडवेज अमृतसर डिपो की बस जो जालंधर से चंडीगढ़ सैक्टर 43 जा रही थी, उसके ड्राइवर जसपाल सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी चीमा कलां (अमृतसर) को अचानक दिल का दौरा पड़ा और बस नियंत्रण से बाहर हो गई। इस दौरान बस ने दुकानों के शेड, सड़क किनारे खड़े वाहनों व सिख नैशनल कॉलेज बंगा की 2 छात्राओं तथा कुछ अन्य को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में छात्रा हर्षदीप कौर (21) पुत्री जरनैल सिंह निवासी पल्ली झिक्की की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी छात्रा गगनदीप कौर (22) पुत्री मनमोहन सिंह निवासी सूरापुर समेत सुरजीत कौर वासी भूटान, हरमन वासी बंगा, राज कुमार वासी बंगा, मनजोत सिंह वासी पठलावा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल बंगा में दाखिल करवाया गया है।



