नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मालेगांव बम धमाके के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत प्रसाद पुरोहित की वकील नीला केदार गोखले को बाॅम्बे हाईकोर्ट में न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। बॉम्बे हाईकोर्ट में अभी 65 न्यायाधीश हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 94 है।
चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मंगलवार को गोखले की नियुक्ति की सिफारिश की। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय अब सिफारिश को अंतिम रूप देगा। बैठक में कॉलेजियम ने विभिन्न हाईकोर्ट में सात न्यायिक अधिकारियों की न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नति की सिफारिश की। मृदुल कुमार कालिता को गौहाटी हाईकोर्ट, पी वेंकट ज्योतिमई और वी गोपालकृष्ण राव को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट, अरिबम गुणेश्वर शर्मा व गोलमेई गैफुलशिलु कबुई को मणिपुर हाईकोर्ट में न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।



