अमृतसर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) चुनावों को लेकर किए गए ट्वीट के बाद पंजाब राजनीति में हलचल शुरू हो चुकी है। आज वीरवार कैबिनेट की बैठक में भी SGPC चुनावों को लेकर बातचीत हुई है। लेकिन अगर तथ्यों पर नजर दौड़ाएं तो कोशिश करके भी ये चुनाव जून 2024 से पहले करवाने संभव नहीं होंगे।
SGPC के चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगी। फिलहाल चुनाव कब हो सकते हैं या कब करवाए जाएंगे, इस पर किसी ने टिप्पणी नहीं की है। लेकिन देखना होगा कि 2024 में संसदीय चुनाव भी होने वाले हैं और फिलहाल प्राथमिकता संसदीय चुनाव की होगी। इसके साथ ही नगर परिषद व नगर निगम चुनाव भी बीते लंबे समय से पैंडिंग चल रहे हैं। जिन्हें आने वाले समय में करवाना आवश्यक है।
2011 में 52 लाख मतदाताओं ने लिया था भाग
SGPC के चुनावों को आयोजित किए हुए 12 साल का समय बीत चुका है। पिछला SGPC चुनाव 2011 में हुए थे। जिसमें 52 लाख से अधिक ‘योग्य’ मतदाताओं ने भाग लिया था। तब से लेकर अभी तक 2011 में चुनी गई बॉडी ही सर्वसम्मति के साथ प्रधान का चुनाव करती आ रही है।
12 सालों बाद मतदाता सूची में बदलाव व मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया एक समय लेने वाली प्रक्रिया होगी। SGPC चुनाव में हरियाणा के सिखों की भूमिका पर स्पष्टता की कमी भी बाधा बनेगी।



