गुरदासपुर/कलानौर, 3 अक्तूबर | यहां से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नजदीकी गांव अठवाल (भुल्लर) में सोमवार देर रात सड़क पर पैदल जा रहे 3 दोस्तों को किसी वाहन ने कुचल दिया, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि 2 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस संबंध में गांव अठवाल के किसान नेता कुलविंदर सिंह ने बताया कि उनके गांव का प्रतिभाशाली युवक मुमताज (21) पुत्र हरदेव मसीह सोमवार रात अपने दोस्तों अमन मसीह और दीपक मसीह के साथ सड़क पर पैदल जा रहा था। अचानक कलानौर की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मुमताज मसीह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त अमन और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में कोटली थाना पुलिस सूरत मल्ली ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी चैक किए जा रहे हैं।



