कानपुर | यहाँ के सिकंदरा में स्कूल वैन और दूध के वाहन में टक्कर हो गई। जिससे वैन में सवार 2 बच्चों को चोटें आई हैं। वहीं दूध लेकर जा रही पिकअप गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने बच्चों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। मामला संदलपुर चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी अनुसार संदलपुर से डेरापुर के लिए निकले मार्ग पर आज कोहरे के कारण एक हादसा हो गया। हादसे में बच्चों को स्कूल ले कर जा रही वैन सामने से दूध लेकर आ रही पिकअप से टकरा गई। हादसे में 2 बच्चे घायल हो गए जिन्हें राजाराम हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
मौके पर पहुंची संदलपुर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अन्य बच्चों को दूसरे वाहनों से विद्यालय भिजवाया। पुलिस ने बताया कि आज कोहरा घना था जिस कारण से यह हादसा घटित हो गया। फिलहाल बच्चों का उपचार कराया जा रहा है। घटना की जानकारी बच्चों के परिजनों को दे दी गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



