भारत का मैच फिर होगा रद्द ? पाकिस्तान के बाद नेपाल के खिलाफ मुकाबले पर भी बारिश का साया
एशिया कप का पांचवां मुकाबला भारत और नेपाल के बीच कैंडी के पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला है। ग्रुप-ए में यह मैच भारत के लिए करो या मरो वाला है। उसे अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ एक अंक से संतोष करना पड़ना था। कैंडी में बारिश के कारण पाकिस्तान की पारी नहीं हो पाई थी। मैच को रद्द घोषित किया गया था। इस कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले थे। पाकिस्तान की टीम दो मैच में तीन अंक के साथ सुपर-4 में पहुंच गई। वहीं, भारतीय टीम अधर में लटक गई।
क्या है मौसम का पूर्वानुमान?
पल्लेकल में सोमवार की सुबह बारिश की लगभग 60 फीसदी संभावना है। ऐसे में प्रशंसकों को गीला मैदान दिख सकता है। हालांकि, टॉस के समय (भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे) बारिश की संभावना 22 फीसदी है और शाम छह बजे तक भी यही स्थिति रहेगी। खेल के दूसरे भाग में बारिश की संभावना 66 फीसदी हो जाएगी। ऐसे में एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान मैच की तरह आधा मुकाबला ही देखने को मिल सकता है।