धौलपुर। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के पांच दोस्तों ने मिलकर एक नाबालिग से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना भी करा लिया गया है। नाबालिग से गैंगरेप की वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही है। लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। सामूहिक दुष्कर्म के इस मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक सुरेश सांखला कर रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक सुरेश सांखला ने बताया कि सदर थाना इलाके की रहने वाली 15 साल की नाबालिग 28 फरवरी को खेत पर कचरा डालने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही 5 युवकों ने घेराबंदी कर नाबालिग को खेत में पकड़ लिया। नाबालिग के पिता की ओर से थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने नाबालिग से खेत में रोक लिए जाने के बाद एक युवक ने उससे रेप किया। उसके चार अन्य साथी वहां घेराबंदी कर उनकी रखवाली करने लग गए।



