जालंधर, 13 दिसंबर | नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन 12 दिसंबर (गुरुवार) को 85 वार्डों के लिए करीब 448 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। यह जानकारी निर्वाची पदाधिकारी सह डीसी हिमांशु अग्रवाल ने सांझा की।
नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों को मिलाकर 698 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। आज नामांकन वापसी और नामांकन की जांच का पहला दिन है। जिनके नामांकन में खामी पाई जाएगी उनका नामांकन वापस ले लिया जाएगा।
डीसी अग्रवाल ने बताया कि जालंधर नगर निगम के 85 वार्डों के लिए 448 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसी तरह भोगपुर नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए 62, गुराया नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए 53 और फिल्लौर नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 के लिए 4 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
नगर पंचायत बिलगा के 13 वार्डों के लिए 47 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नगर पंचायत शाहकोट के 13 वार्डों के लिए 81 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं और नगर पंचायत मेहतपुर के वार्ड नंबर 5 के लिए 3 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
डीसी ने आगे कहा- जिला प्रशासन नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों के चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्था की गई है और चुनाव कर्मचारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 13 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 14 दिसंबर को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे।



