गुरूग्राम। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह की मां शबनम सिंह से 40 लाख की फिरौती मांगने के आरोप में हेमा उर्फ डिंपी नाम की लड़की को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि युवती को झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर 40 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा थी। लड़की पर युवराज सिंह की मां शबनम सिंह से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है।
मंगलवार को जब वह 5 लाख रुपये की पहली किस्त लेने पहुंची तो एडवांस पैसे लेते समय उसे गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवराज सिंह की मां गुरुग्राम के डी.एल.एफ.फेज़ वन में रहती है। उन्होंने डी.एल.एफ. फेज वन पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
जिसमें उन्होंने कहा कि 2022 में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के छोटे भाई जोरावर सिंह के लिए हेमा कौशिक उर्फ डिंपी नाम की केयरटेकर को काम पर रखा गया था। जोरावर पिछले 10 साल से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। इस वजह से डिंपी को उनकी देखभाल के लिए रखा गया था।
युवराज की मां शबनम सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि हेमा कौशिक को शुरुआती दिनों में काम से हटा दिया गया था क्योंकि केयरटेकर की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। इसके बाद लड़की ने शबनम सिंह को फिरौती के मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
मई 2023 में हेमा कौशिक उर्फ डिंपी को शबनम सिंह के व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज और कॉल आने लगे, जिसमें हेमा कौशिक ने शबनम सिंह को धमकी दी कि अगर उसे पैसे नहीं दिए गए तो वह शबनम सिंह के परिवार के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराएगी, उन्हें फंसाएगी और बदनाम करेगी। इसके बदले में हेमा कौशिक ने शबनम सिंह से 40 लाख रुपये की मांग की और मंगलवार को पहली किश्त लेते ही उसे पांच लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया।
युवराज सिंह की मां शबनम सिंह के बयान के आधार पर केयरटेकर हेमा कौशिक उर्फ डिंपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 384 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हेमा कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।



