श्री मुक्तसर साहिब, 24 जनवरी | गांव कोटली देवन की मेन रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतक मजदूरी का काम करते थे और मंगलवार की देर शाम करीब 7 बजे दिहाड़ी कर घर को लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान हरजिंदर सिंह पुत्र भोला सिंह, भूपिंदर सिंह पुत्र शमिंदर सिंह व इकबाल सिंह पुत्र परविंदर सिंह निवासी कोटली देवन के रूप में हुई है। मृतकों की आयु 18 से 20 वर्ष की है, जो तीनों कुंवारे थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव कोटली देवन निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह गांव से बाहर किसी कार्य के लिए गया हुआ था। उसे सूचना मिली कि गांव के तीन युवक सड़क पर घायलावस्था में पड़े हैं। वह तुरंत गाड़ी लेकर घटना स्थल पर पहुंचा। लेकिन दो युवक मृत अवस्था में थे जबकि एक की सांसें चल रहीं थीं। जिसे तुरंत सिविल अस्पताल मुक्तसर लाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
तीनों मृतक युवक गरीब परिवारों से संबंधित हैं और मजदूरी का काम करते थे। उनकी मौत से परिवारों में मातम छा गया है।



