जालंधर, 9 अक्तूबर | जालंधर में रेफ्रिजरेटर कंप्रेसर फटने से 1 और व्यक्ति की मौत हो गई है, उसे लुधियाना के डीएमसी में भर्ती करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। आपको बता दें कि यहां के अवतार नगर में देर रात एक घर में आग लग गई। आग की इस घटना में 3 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में घर का मालिक भी शामिल है, जबकि घर के बाहर बैठी उनकी बुजुर्ग पत्नी सुरक्षित बच गईं। मृतकों की पहचान रुचि, दीया, इंद्रपाल, यशपाल घई और मंशा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त पूरा परिवार क्रिकेट मैच देख रहा था।
मृतक यशपाल घई के भाई राज घई ने बताया कि उनके भाई ने 7 महीने पहले नया डबल डोर रेफ्रिजरेटर खरीदा था। उसके कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद घर में आग लग गई। घर के अंदर बैठे उनके भाई जिनकी उम्र करीब 65 साल थी, उनके बेटे, बहू और 2 बेटियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
गंभीर रूप से झुलसे लोगों को उनके घरों से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने परिवार के 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल में रैफर कर दिया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों सदस्यों की मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।




