लोगों का नगर निगम के खिलाफ फूटा गुस्सा- सांसद, विधायक और पार्षद के बावजूद सुनवाई नहीं
जालंधर । जानकारी के अनुसार बस्ती शेख इलाके में खुले गटर के कारण गली में जमा पानी में गिरकर एक महिला की मौत हो गई। जिसकी पहचान नीरू के रूप में हुई है। एक निजी फैक्टरी में काम करने वाली नीरू रात 8 बजे अपने घर लौट रही थी। रात को गली में जमा सीवरेज के पानी से गुजरते हुए नीरू की मौत होने से इलाके के लोग प्रशासन पर जम कर बरसे। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों पर बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया है। वहीं रात को करीब 10 बजे मृतक महिला के परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को घर ले गए हैं। लोगों का आरोप है सीवरेज के ढक्कन नहीं हैं और गंदा पानी गलियों में भरा रहता है।बार-बार शिकायत के बावजूद किसी नेता और निगम अफसर ने इस समस्या का समाधान नहीं कराया। यह घटना इसी का कारन है।
महिला की मौत के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के खिलाफ काफी ज्यादा गुस्सा है। उनका कहना है कि हम कई बार इस समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। पर बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं है। आज यह महिला की मौत हुई है। भगवान न करे कि कल हमारे किसी के साथ हो सकता है। इसका जिम्मेदार कौन होगा।
इलाका निवासी मुरारी लाल और अन्य लोगों का कहना है कि चुनाव के बाद कोई नेता इलाके में नहीं आता है। उनके इलाके में भी कोई सुनवाई नहीं है। जबकि अब तो विधायक और सांसद के अलावा पार्षद भी एक ही पार्टी के हैं। गलियों में गंदा पानी भरा रहता है।साफ-सफाई की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इलाके के पूर्व पार्षद को शहर के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। लोग इस घटना के बाद से सहम गए हैं। वह इस समस्या का तुरंत समाधान चाहते हैं। इसके अलावा इस घटना के लिए जिम्मेदार निगम अफसरों पर कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।



