लुधियाना। मौसम विभाग ने गुरुवार को पंजाब के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा बुधवार शाम को किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, तेज हवाओं के कारण पश्चिमी मालवा के फिरोज़पुर, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा को छोड़कर पंजाब के अन्य सभी जिलों में बारिश की संभावना है।
रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। जिससे अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद 12 अगस्त तक मौसम साफ रहेगा। 13 अगस्त से फिर भारी बारिश की आशंका है। पंजाब के चार जिलों में बुधवार को भी बारिश हुई। सुबह आठ बजे तक चंडीगढ़ में 24.0 मिमी, पठानकोट में 4.2 मिमी, शहीद भगत सिंह नगर में 2.9 मिमी, रोपड़ में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।



