Sunday, April 19, 2026
No menu items!
Google search engine

…. जब खराब हुई फसलों का निरीक्षण करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज समशेर सिंह को करना पड़ा विरोध का सामना

Spread the News

विरोध देखते हुए शमशेर सिंह वर्करों समेत वापस लौटे

गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज समशेर सिंह का काना गांव में किसानों ने विरोध किया। वे कुछ दिन पहले भारी बारिश और बाढ़ के पानी से खराब हुई फसलों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान किसानों ने आम आदमी पार्टी मुर्दाबाद और पंजाब सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।

शमशेर सिंह ने दिया था पानी निकलवाने का आश्वासन
किसानों ने कहा कि गांव में बाढ़ का पानी आया था तो हलका इंचार्ज शमशेर सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया था। वे इस पानी को खेतों से निकालने के लिए उचित उपाय करेंगे, लेकिन इतना समय बीत जाने के बावजूद भी पानी की निकासी नहीं करवाई गई। अभी तक कोई समाधान नहीं निकला, जिससे किसानों में काफी आक्रोश है।

बताया जा रहा है कि इसी कारण आप नेता को विरोध का सामना करना पड़ा। गांव के लोगों ने कहा कि गांवों से बाढ़ का पानी को निकालने के लिए जिला प्रशासन काम कर रहा है तो सरकार के नुमाइंदे राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए गांवों में आ रहे हैं। जब गांव के लोगों ने विरोध करना शुरू किया तो माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

माहौल देखकर शमशेर सिंह को वहां से लौटना पड़ा। इसी दौरान एक आप वर्कर ने उस गांव के लोगों को कह दिया कि उन्होंने कौन-सा उन्हें वोट डाला है, जिसके बाद गांव के लोग और अधिक उत्तेजित हो गए और उन्होंने पंजाब सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और शमशेर सिंह को लौटना पड़ा।

इस मामले पर जब हल्का इंचार्ज शमशेर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनका कोई विरोध नहीं हुआ, कुछ लोगों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखी थीं। लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनका काम है। कुछ शरारती तत्वों ने जानबूझ कर वहां माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments