मलोट। पंजाब में मुक्तसर के नजदीकी गांव खोखर में बीती रात को एक बुजुर्ग की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग को पहले कार से बाहर निकाला और फर उस पर गोलियां चला दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। उधर गांव के लोगों का कहना है कि उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी।
डीएसपी अवतार सिंह ने बताया कि परिवार के अनुसार बुजुर्ग सर्व दमन सिंह (60) निवासी गांव खोखर अपनी कार नंबर पीबी 30 टी 0718 पर सवार होकर मुक्तसर से गांव खोखर की ओर जा रहा था। वह गांव वडिंग से खोखर रोड पर पहुंचा तो कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसे गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के शरीर पर गोलियों के 6 निशान मिले हैं।
पुलिस के अनुसार जिस तरह बुजुर्ग की लाश सड़क किनारे पड़ी थी, उससे ऐसा प्रतीत होता था कि हमलावरों ने बुजुर्ग को कार से बाहर निकालने के बाद उसे गोलियां मारी हैं। डीएसपी अवतार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। थाना बरीवाला के इंचार्ज ने लाश को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का आज पोस्टमॉर्टम होगा। परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



