जालंधर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार सुबह पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की। NIA ने जालंधर में दो जगहों पर छापेमारी की। NIA की टीम किशनगढ़ के पास दौलतपुर गांव में पूर्व सरपंच के घर पहुंची।
बताया जा रहा है कि NIA ने दोपहर 3 बजे अकाली दल के पूर्व सरपंच के घर पर छापा मारा। मलकीत सिंह दौलतपुर अकाली दल के नेता हैं। इस बीच इलाके को सील कर दिया गया। किसी को भी बाहर आने या घर में घुसने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके साथ ही NIA ने दल्लेवाल गांव के लवशिंदर सिंह के घर पर भी छापेमारी की। लवशिंदर सिंह सिक्ख स्टूडेंट फेडरेशन से हैं। संदिग्ध फोन कॉल पर NIA ने मारा छापा।
मोगा के निहाल सिंह वाला के धुरकोट रणसीह कलां गांव में भी एनआईए की छापेमारी हुई है। जानकारी के अनुसार टीम सुबह करीब पांच बजे धुरकोट रणसिह वंश निवासी जसविंदर सिंह और उसके भाई सतनाम सिंह के घर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, यह परिवार खालिस्तान समर्थक है, जिसके चलते NIA ने छापेमारी की। सुबह 9 बजे तक पूछताछ के बाद टीम वहां से चली गई।
NIA की टीम ने सुबह 6.30 बजे मलोट के पास सरावां बोदला गांव में एक किसान के घर पर छापा मारा। NIA की तीन सदस्यीय टीम ने किसान से ढाई घंटे तक पूछताछ की। जाते समय वे किसान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। किसान को 7 अगस्त को दिल्ली स्थित NIA कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है।
किसान सतनाम सिंह पुत्र हरबंस पाल ने बताया कि NIA की टीम सुबह 6.30 बजे उनके घर पहुंची। उनसे करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की और घर की जांच की। सतनाम सिंह ने बताया कि वह खेती करता है। उनका भाई लगभग 12 वर्षों से इंग्लैंड में है। मैं इंग्लैंड में अपने भाई से फोन पर बात करता हूं। टीम उनका मोबाइल जब्त कर अपने साथ ले गयी है और उन्हें सात अगस्त को दिल्ली कार्यालय पहुंचने का नोटिस दिया गया है।



