फिरोज़पुर। यहां एक दुर्भाग्यपूर्ण खबर सामने आई है। फिरोजपुर में बस चालक के अचानक ब्रेक लगाने से छह माह की गर्भवती महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, उसे तुरंत गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। बहू के गर्भवती होने पर पूरा परिवार दरबार साहिब में माथा टेकने जा रहे थे।
जिला फरीदकोट के ग्राम डोड निवासी मृतका के ससुर साधु सिंह ने थाना कुलगढ़ी में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें उसने बताया है कि वह 28 मई की सुबह परिवार सहित घर से माथा टेकने निकला थे। वह बस में बैठकर अमृतसर जा रहे थे। डेढ़ बजे बस कुलगढ़ी के पास पहुंची। चालक तेज गति से बस चला रहा था।
इसी बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बस के सामने आ गई और चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उसकी 6 माह की गर्भवती बहू सिमरनजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। वे उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां इलाज के दौरान बहू की मौत हो गई। थाने के एएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर बस चालक बलजीत सिंह के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।



